'शेष है अवशेष' आपकी लिपि में (SHESH HAI AVSHESH in your script)

Hindi Roman Gujarati Bangla Oriya Gurmukhi Telugu Tamil Kannada Malayalam

'शेष है अवशेष' पर कमेंट करने के लिए यहां रोमन में लिखें अपनी बात। स्पेसबार दबाते ही वह देवनागरी लिपि में तब्दील होती दिखेगी।

Tuesday, January 20, 2009

लार्जर दैन लाइफ

मोहल्ला में अविनाश ने जिस सलीके से इस ब्लॉग का लिंक लगाया, उसके लिए अगर मैं उसका शुक्रिया अदा करूं तो वह हमारे संबंधों का बौनापन होगा। और लिंक लगाने के जज्बे की अगर चर्चा न करूं तो वह मेरा ओछापन...। बहरहाल चुप रहूंगा और इंतजार करूंगा अविनाश के संस्मरण का। फिलहाल प्रियदर्शन के लेख का आखिरी हिस्सा :

-अनुराग अन्वेषी

मां (आखिरी किस्त)
-प्रियदर्शन

अं

ग्रेजी में एक मुहावरा है 'लार्जर दैन लाइफ', उन दिनों हमारी जिंदगी भी जिंदगी से बड़ी लार्जर दैन लाइफ हो गयी थी। वह सामान्य नहीं रह गयी थी, अतिनाटकीय हो गयी थी और हमारे अतिमानवीय इम्तिहान ले रही थी। 3 तारीख को हमने दीवाली मनायी थी। मां से दीये जलवाये थे। उसकी आखिरी दीवाली। उसके कांपते हाथ दीयों जैसी मोमबत्तियां जला रहे थे और हमलोग सोच रहे थे कि जिंदगी रोशनी का यह वायदा ज्यादा दिन तक नहीं निभाएगी। मुझे अपने घर किसी त्योहार के मनने से जुड़ी सबसे प्यारी यादें हैं तो दीवाली की। दोपहर को हमलोग रूई की बाती बनाते थे, शाम को उन्हें दीयों में लगाकर और दीयों को परात में सजाकर छत पर जलाने ले जाते थे।

शायद कुछ और लिखने के इरादे से यह लेख शुरू किया था, मगर कुछ और लिखता चला गया। मां तक पहुंचने की कोशिश कई बार की, मगर हर बार डर गया। उसके आसपास से, अगल-बगल से निकल गया।
या ऐसा ही होता है? जिसे हम जानते हैं, उसके बारे में बताना मुश्कल होता है। क्योंकि जानना शायद शब्दों से परे की क्रिया है। या मन के कई दरवाजे ऐसे होते हैं, जिनकी कुंजी शब्दों के पास भी नहीं होती। शब्द दस्तक देते हैं, और लौट आते हैं।
मां... बस... मां... है। इससे ज्यादा बताना मेरे लिए मुमकिन नहीं!

वर्षों से चल रहे इस क्रम में बस उसी वर्ष व्यवधान पड़ा था। डॉक्टर ने कहा था कि ऑपरेशन की मेज पर ही मृत्यु की आशंका है। हमलोग एक तरफ तैयारी करते थे कि मां क्या पहनेगी, ऑपरेशन के बाद क्या खाएगी और दूसरी तरफ यह जानकारी हासिल करते कि अगर ऑपरेशन सफल नहीं रहा तो मां की लाश कैसे रांची जाएगी। मां ने कहा था, मन मजबूत कर लेना चाहिए और मैंने हंसते हुए कहा था कि हमलोगों ने कर लिया है, तुम अपना मन मजबूत कर लो। हंसी में व्यक्त क्रूरताएं भी मानवीय हो जाती हैं क्या?

और आखिरी दिन! उसके एक दिन पहले मां बहुत कमजोर हो चुकी थी। उठने में असमर्थ और पूरी तरह से निराश कि अब ऐसी जिंदगी जीकर क्या करना है। हमलोग हिम्मत बंधा रहे थे कि यह तो अस्थायी समस्या है, जल्दी ही वह अपनी कमजोरी से उबर आएगी। अगले दिन मां ने हिम्मत बांध ली थी। ग्लूकॉन डी लगातार पी रही थी। उस दिन उसे अच्छा लग रहा था, उसने मुझसे खुद कहा था। उम्मीदों के तार फिर जुड़ रहे थे। मां के पेट में दर्द भी नहीं था। मगर पापा के भीतर यह आशंका सिर उठा रही थी कि कहीं शरीर के भीतरी अवयव मर नहीं रहे हों। मैंने इस आशंका को तुरंत झटक दिया, शायद इसका मेरे तर्क से ज्यादा मेरी इच्छा से संबंध था। शाम को मैं चौकी खरीदने निकला। लौटकर आया तो रेमी ने बताया कि मां अचानक बहुत बेचैन हो गयी थी। लगातार मालिश से थोड़ी राहत मिली है। उधर मां को लगातार उलटियां हो रही थीं। मुझे लगा कि पानी की कमी की वजह से बेचैन हुई होगी। हमलोगों ने जोर दिया कि वह थोड़ा इल्क्ट्रॉल पाउडर का घोल पी ले। लेकिन उसके लिए वह बिल्कुल तैयार नहीं हुई। अचानक मैंने पूछा, 'लिम्का पियोगी मां?' उन दिनों मां लिम्का खूब पसंद करती थी और मेरा ख्याल है कि जितनी निरंतरता से उसने उन दिनों शीतल पेय लिये थे, उतनी निरंतरता से जीवन में कभी नहीं। उसने तुरंत हां कर दी। पापा अनिच्छुक थे। उन्हें लग रहा ता कि इससे अगर सर्दी लग गयी तो कमजोर शैल और परेशान होगी। मगर मां की इच्छा देख वह भी मान गये। मां ने लिम्का पी। उसके तुरंत बाद चूड़ा-दूध लिया। इस जल्दी में एक अस्वाभाविकता थी, जो अब समझ में आती है। फिर पापा को कहा कि वह उनकी पीठ दबा दें। रेमी को कहा कि 'गुडनाइट' ऑफ कर दे, पापा को दिक्कत होती है। तब तक मेरे दोस्तों ने, जो बगल के कमरे में खाना परोस रहे थे, हमें पुकारा। (मैं अपने तीन दोस्तों मंजुल प्रकाश, संजय लाल और राजेश प्रियदर्शी के साथ रहा करता था।) मैंने मना किया, मगर मां ने कहा, 'जाकर खा लो। पापा तो यहां बैठे ही हुए हैं।'

हमलोग खा ही रहे थे कि पापा की घबरायी हुई आवाज आयी। हमलोग वहां पहुंचे। मां पापा का हाथ जोर से पकड़े हुए थी। मुझे देखकर लड़खड़ाते हुए स्वर में मां ने कहा 'ताकत की दवा दे दो', मैंने तेजी से दवा दी। फिर अचानक लगा कि उसे कुछ सुनाई नहीं पड़ रहा है। कुछ समय पहले उसने रेमी से कहा था कि कान में भारीपन लग रहा है, कल तेल डाल देना। यह उनके अवयवों के मृत होते जाने का प्रमाण था। पापा की आशंका सही थी। अगले ही क्षण लगा कि वह देख भी नहीं पा रही है। हम तीनों मैं, पापा और रेमी मां को पुकार रहे ते। मैंने अपने दोस्तों को डॉक्टर के लिए भेजा। पापा की आवाज रुलाई के करीब पहुंच चुकी थी 'शैल, हमलोग, कल ही रांची चलेंगे शैल! हमलोग कल ही चलेंगे।...

मगर शैल, उसके पहले ही चल दी थी। अचानक उसके मुंह से बहुत मात्रा में काला-हरा सा द्रव बह निकला। वह पिछले कुछ घंटों से लगातार उल्टी करने की कोशिश कर रही थी, ताकि उसे आराम मिले। उसके बाद एक बहुत हल्की सी हरकत हुई, जिसे मैंने भवों के पास और रेमी ने गरदन के पास पहचाना था। फिर उसकी सारी हरकतें हमेशा के लिए खत्म हो चुकी थीं। मां, शैल, शैल दी, शैलप्रिया जा चुकी थी, अपनी उम्र के अड़तालीस साल लगभग पूरे करके। 1 दिसंबर 1994 को रात 10:15 बजे के आस-पास।
डॉक्टर ने बताया था कि मरते वक्त मां बहुत तकलीफ में होगी। मगर ऐसा हुआ नहीं। उस दिन वह खुद भी छली गयी थी। मृत्यु के हाथों। पूरे दो महीने मां दिल्ली में रही। 1 अक्तूबर की रात से 1 दिसंबर की रात तक। पता नहीं नियति का यह कौन सा शाप था जिसे उसने दो महीने तक दिल्ली में काटा। जहां वह तमाम उम्र रही, जिस घर की दीवारों, ईंटों और छतों का बनना देखा, वहां से 1400 मील दूर दिल्ली के एक अनजाने मुहल्ले के अनजाने मकान में उसने अपने आखिरी दिन गुजारे। दो महीने का उसका घर... मगर इस घर की कथा मुझसे बेहतर पापा बता सकते हैं।

शायद कुछ और लिखने के इरादे से यह लेख शुरू किया था, मगर कुछ और लिखता चला गया। मां तक पहुंचने की कोशिश कई बार की, मगर हर बार डर गया। उसके आसपास से, अगल-बगल से निकल गया।

या ऐसा ही होता है? जिसे हम जानते हैं, उसके बारे में बताना मुश्कल होता है। क्योंकि जानना शायद शब्दों से परे की क्रिया है। या मन के कई दरवाजे ऐसे होते हैं, जिनकी कुंजी शब्दों के पास भी नहीं होती। शब्द दस्तक देते हैं, और लौट आते हैं।

मां... बस... मां... है। इससे ज्यादा बताना मेरे लिए मुमकिन नहीं!

4 comments:

  1. कुछ कहने को शब्द नही हैं ..माँ कि यादों के संग आपके साथ चलना अच्छा लगा

    ReplyDelete
  2. कहते है माँ के बारे में कुछ भी लिखा जाए अपने आप खूबसूरत हो जाता है....इत्तिफकान कथा देश में मन्नू भंडारी पर संग्रह विशेषांक आया है जिसको तसल्ली से पढने की फुर्सत रोज निकालने की कोशिश है...जाने क्यों आज प्रियदर्शन जी को पढ़कर लगा ....की तस्वीर में कुछ समानताये भी है .अलग अलग भागोलिक परीस्थिति में रहकर भी माँ एक सी रहती है.....मुनव्वर राणा जी के शेर है.....



    मेरे बुज़ुर्गों का साया था जब तलक मुझ पर
    मैं अपनी उम्र से छोटा दिखाई देता था
    ओर


    हमारी मुफ़्लिसी हमको इजाज़त तो नहीं देती
    मगर हम तेरी ख़ातिर कोई शहज़ादा भी देखेंगे

    ReplyDelete
  3. मां मां ही होती हैं....पढने के लिए अच्‍छी सामग्री मिल गयी आपके ब्‍लाग में....अच्‍छा लगा आपका ब्‍लाग।

    ReplyDelete
  4. Is blog ke kaafi saari post pari, aapki maa se juri aur bhaiyon ki .....bus par kar aankhen bhar aayi visheshkar woh post jisme aapke bhaiji ne likha hai woh 42 ke ho jayenge aur aapki maa 48 ki thi jab.....

    Maa ko itna chahne wale bahut kam aur mushkil se milte ho shayad ya aise ijhaar karte hon

    ReplyDelete